विकासनगर। क्षेत्र पंचायत विकासनगर की बृहस्पतिवार आयोजित बीडीसी बैठक में विकास कार्यों से अधिक जनसमस्याएं छाई रहीं। पेयजल आपूर्ति, जर्जर सड़कें, झूलते बिजली तार, लटकीं केबल और विभागीय लापरवाही के मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को घेरा। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख नारायण ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पेयजल निगम एवं जल संस्थान की समीक्षा के दौरान जीवनगढ़-3 के क्षेत्र पंचायत सदस्य ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी पानी की समस्या उठाई। सोरना के क्षेत्र पंचायत सदस्य ने पाइपलाइन को भूमिगत करने की मांग रखी, जबकि जस्सोवाला के प्रधान ने पाइप लाइन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए। जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि डाकपत्थर में पिछले दो माह से पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है। बीडीसी सदस्य रचना ठाकुर ने जीवनगढ़ में खुले चैंबर और सड़क पर बने गड्ढों से दुर्घटना का खतरा बढ़ने की शिकायत की।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान रुद्रपुर के प्रधान ने विभागीय आवासीय परिसर के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया। वन विभाग से संबंधित चर्चा में ढलानी क्षेत्र के सदस्य ने मल्लावाला सड़क के पक्कीकरण की मांग की। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने निजी विद्यालयों की बढ़ती फीस पर चिंता जताते हुए शुल्क कम कराने की मांग रखी। सहकारिता विभाग से संबंधित चर्चा में कमरूद्दीन ने किसानों को खाद और बीज समय पर उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया।
बैठक में बिजली और संचार व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुखता से उठीं। जस्सोवाला के प्रधान ने झूलते बिजली खंभों और तारों को दुर्घटना का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
तौली के प्रधान भरत सिंह तोमर ने भूड़ क्षेत्र में लटकी केबलों से लोगों को हो रही परेशानी का मामला रखा। ज्येष्ठ प्रमुख गुलफाम अली ने केदारावाला में आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त पॉली हाउसों के लिए सहायता की मांग की, जबकि जमनीपुर के प्रधान ने लेखपालों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बैठक के शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष जताया, जबकि प्रमुख नारायण ठाकुर ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीडीओ शक्ति प्रसाद भट्ट, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी विजय प्रकाश चमोली आदि उपस्थित रहे।