प्रदेश का पहला वार मेमोरियल जल्द आकार लेने लगेगा। कैंट बोर्ड की बैठक में सभी की सहमति से इसकी डीपीआर को मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए पहले ही बजट जारी किया जा चुका है। जल्द ही,इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
सोमवार को छावनी परिषद गढ़ी की बोर्ड बैठक में वार मेमोरियल के निर्माण के लिए डीपीआर रखी गई। सभासदों और बोर्ड के अधिकारियों की सहमति से डीपीआर फाइनल कर निर्माण को मंजूरी दी गई। बता दें कि वर्ष 2010 में भाजपा सरकार ने प्रदेश में वार मेमोरियल बनाने की घोषणा की थी, लेकिन कभी भूमि की तलाश और कभी सियासी खींचतान के कारण यह काम पूरा नहीं हुआ।
सैन्य बाहुल्य उत्तराखंड के हजारों वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए समय-समय पर अपने प्राणों का बलिदान दिया है। उनके शौर्य और साहस को सलाम करते एक प्रतीक की जरूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी। अमर उजाला ने भी वार मेमोरियल बनवाने के लिए अभियान चलाया था।