कालिका मार्ग स्थित कार्यालय में दून वेली महानगर उद्योग व्यापार मंडल की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इसमें बाजार से जुड़ी समस्याओं, जाम-पार्किंग और ऑनलाइन व्यापार से हो रहे नुकसान के मुद्दे पर चर्चा की गई। इसके साथ निर्णय लिया गया कि 27 जून को पटेलनगर में विशाल व्यापारी बैठक होगी।
बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन ने दून में व्यापारी विभिन्न समस्याओं से परेशान हो रहा है। 27 जून को महाबैठक में व्यापारियों के मुद्दे उठाए जाएंगे। इस बैठक की तैयारियों के लिए सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। प्रचार-प्रसार, मंच व्यवस्था, जलपान और ज्ञापन समिति का गठन कर दिया गया है। इस बैठक में जीएसटी, मंडी टैक्स, लाइसेंस संबंधी उत्पीड़न के खिलाफ रणनीति बनाई जाएगी।
इसके साथ ही राजपुर रोड, पलटन बाजार सहित शहर में जाम व पार्किंग की समस्या, व्यापारी सुरक्षा, बीमा व पेंशन योजना की मांग के साथ ही संगठन विस्तार पर भी चर्चा होगी। पंकज मैसोंन ने व्यापारियों से आह्वान किया कि अपने हक और हितों की रक्षा के लिए 27 जून को पटेलनगर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। इस मौके पर संरक्षक सुशील अग्रवाल, रवि मल्होत्रा, उपाध्यक्ष शेखर फुलारा, हरीश विरमानी, विनय नागपाल, पंकज डीडान, रोहित बहल आदि मौजूद रहे।