दून विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक (यूजी) व स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चल रही ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया से जुड़ा संशोधित नोटिस जारी किया है। विवि प्रशासन ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि को को सात जून तक के लिए बढ़ा दिया है। पहले यह तिथि 31 मई निर्धारित की गई थी।
इसके साथ ही अब अभ्यर्थियों को केंद्र चुनने का भी मौका मिलेगा। वहीं, आवेदनपत्र में सुधार के लिए करेक्शन विंडो चार से सात जून तक खुली रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। हालांकि चयनित पाठ्यक्रम और श्रेणी में बदलाव की अनुमति नहीं होगी। विवि ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों को पहले आवेदन करते समय परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प नहीं मिला था, वे अब करेक्शन विंडो के दौरान अपनी पसंद का केंद्र चुन सकते हैं।
अगर कोई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र का चयन नहीं करता है तो उसे डिफॉल्ट रूप से देहरादून केंद्र आवंटित किया जाएगा। नोटिस के अनुसार प्रवेश परीक्षा 28 जून को देहरादून, दिल्ली, लखनऊ और हल्द्वानी केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी 17 जून से अपने प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकेंगे।