पहाड़ पर आई आपदा ने दून के कपड़ा कारोबार को भी झटका दिया है। चमोली, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी आदि जिलों में आपदा के असर से यहां का तकरीबन 40 फीसदी कारोबार प्रभावित हुआ है। थोक विक्रेता खास तौर पर आपदा की वजह से परेशानी महसूस कर रहे हैं।
थोक व्यापारियों की सप्लाई थी पहाड़ पर
उनके मुताबिक एक तो बरसात का सीजन और दूसरे आपदा, इन्होंने व्यापारी की खुशी को डंस लिया है। अकेले शहर से लगभग तीन दर्जन से अधिक थोक व्यापारियों की सप्लाई पहाड़ पर थी। अब वहां के ग्राहक तो नदारद हैं ही, पुराने पेमेंट का भी फिलहाल कुछ अता-पता नहीं। हालात ऐसे हैं कि सिवाय चुप्पी साधने के अन्य कोई रास्ता नहीं।
जिन जिलों में व्यापार सीधे प्रभावित हुआ उनकेलिए तो पैकेज की बात की जा रही है, लेकिन उनकी वजह से जिन व्यापारियों के काम को धक्का पहुंचा है, उनकेलिए अभी बात नहीं उठाई जा रही, जो जरूरी है।
-नरिंदर, कपड़ा व्यापारी, झंडा बाजार
व्यापारी मुश्किल में है। छोटे व्यवसायियों की तो रीढ़ ही आपदा की वजह से टूट गई है। सीधे-सीधे कोई अनुमान लगाना मुश्किल है, फिर भी यह कहा जा सकता है कि तकरीबन आधे का फर्क तो पड़ा ही होगा।
-अंशुमान गुप्ता, कपड़ा व्यापारी, पलटन बाजार