दून मेडिकल कॉलेज की गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे में निजी कारणों का जिक्र किया है। हालांकि कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने अब तक इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है।
गौरतलब है कि दून मेडिकल कॉलेज में मेस घोटाले के बाद बड़ी संख्या में डॉक्टरों और कर्मचारियों को जांच के दायरे में लाया गया है। इस मामले में शनिवार को पटेल नगर थाना पुलिस ने कॉलेज पहुंचकर हॉस्टल से जुड़े कई डॉक्टरों से पूछताछ की थी। इसमें लगभग सभी वार्डनों को शामिल किया गया था। इससे कुछ वार्डन नाराज भी हैं। उनका कहना है कि उन्हें जबरन जांच में घसीटा जा रहा है। बार-बार जांच के लिए बुलाए जाने से उनकी प्रतिष्ठा भी खतरे में पड़ सकती है। सभी वार्डनों ने रविवार को आपात बैठक भी बुलाई। इसमें इस मामले को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक जिस महिला वार्डन ने इस्तीफा दिया है उन्होंने इसके पीछे कुछ निजी कारण बताए हैं। उधर प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने इससे इंकार किया है। उनका कहना है कि मेस घोटाले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।