दून मेडिकल कॉलेज के मेस में मिले कॉकरोच
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना के नेतृत्व में टीम ने दून मेडिकल कॉलेज के बॉयज मेस, गर्ल्स मेस और कैफेटेरिया का निरीक्षण किया। जांच में कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। गर्ल्स हॉस्टल के मेस के स्टोररूम में जंग लगी अलमारियां और जीवित कॉकरोच पाए गए। खिड़कियों और किचन के दरवाजों पर जाली भी नहीं थी। मेस में कैटरर का वैध खाद्य लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं मिला। टीम ने खुली हल्दी, दही, तैयार छोले, दाल और डिलिशियस फैट स्प्रेड के नमूने लिए। कैफेटेरिया में भी मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट नहीं मिली।
देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन में भी अनियमितताएं
विकासनगर क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय तिवारी की टीम ने देवभूमि यूनिवर्सिटी के किचन का निरीक्षण किया। यहां खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। टीम ने दाल मखनी मसाला, राजमा मसाला, तैयार अरहर दाल और पालक-आलू की सब्जी के नमूने लिए। नंदा की चौकी स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना भी लिया गया। दोनों जगहों से नमूने भी लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।