एमसीआई के दौरे से ठीक पहले दून महिला अस्पताल के चिकित्सकों के एक साथ छुट्टी के आवेदन से आला अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए हैं। व्यवस्था गड़बड़ाने की सूचना मिलते ही सोमवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डा. प्रदीप भारती गुप्ता अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने अस्पताल पहुंचकर सख्त दिशानिर्देश जारी किये हैं कि एमसीआई के दौरे तक कोई डॉक्टर छुट्टी पर नहीं जाएगा। उल्लंघन करने वालों से जवाब तलब किया जाएगा।
पिछले कुछ दिनों से राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के दून महिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज और पीएमएचएस चिकित्सकों के बीच ड्यूटी के समय और अधिकारों को लेकर शीत युद्ध चल रहा है।
रविवार को यह लड़ाई सतह पर आ गई, जब पीएमएचएस के सात डॉक्टरों ने छुट्टी पर जाने की धमकी दी। अस्पताल प्रबंधन को जैसे ही इसकी भनक लगी, तुरंत विभागीय अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया।
उन्होंने तुरंत चिकित्सकों से बातचीत कर उनसे छुट्टी पर ना जाने का अनुरोध किया। जिसके बाद अधिकांश चिकित्सकों ने छुट्टी पर जाने का निर्णय त्याग दिया।
सोमवार को मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डा. प्रदीप भारती गुप्ता ने अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी टाइम या अन्य व्यवस्थाओं को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए।
यदि चिकित्सकों के बीच किसी तरह का विवाद है, तो उसे सुलझाया जाएगा। हालांकि उन्होंने चिकित्सकों के छुट्टी पर जाने के निर्णय पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर चिकित्सकों को उच्चाधिकारियों से बातचीत करनी चाहिए।