संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित भारतीय वन सेवा (आईएफएस) परीक्षा 2014 में दून के वैभव ने 85 चयनित अभ्यर्थियों में स्थान बनाया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में वैभव 36वें स्थान पर हैं।
देश भर से केवल 85 का चयन
भारतीय वन सेवा के लिए हुई परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित हुआ। देशभर से कुल 85 अभ्यर्थियों का चयन वन सेवा के लिए किया गया है, जो दून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी और वन अनुसंधान संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
दून के वैभव कुमार सिंह भी सफल अभ्यर्थियों की इस सूची में शामिल हैं। वैभव ने बताया कि इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थियों में से चयन होना बड़ी उपलब्धि है। इसका श्रेय उन्होंने परिजनों, शिक्षकों को दिया। कहा कि वन सेवा में जाना उनका सपना था, जो प्रशिक्षण के बाद पूरा हो जाएगा।
यूपीएससी की तीसरे रैंक की सेवा
बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली तीन सेवा परीक्षाओं में भारतीय वन सेवा तीसरे पायदान पर है। भारतीय प्रशासनिक सेवा को सर्वोच्च और इसके बाद भारतीय पुलिस सेवा को प्रतिष्ठित माना जाता है।