माजरा स्थित बलूनी क्रिकेट एकेडमी में आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करते डॉ नवीन बल
- फोटो : CITY
दून बलूनी क्रिकेट एकेडमी (डीबीसीए) ने माही क्रिकेट एकेडमी (एमसीए) को हराकर सोशल बलूनी कप अपने नाम कर लिया। फाइनल में उन्होंने माही एकेडमी को 142 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। प्रतियोगिता में शानदर प्रदर्शन करने वाले आदित्य चक्रवर्ती को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। समापन अवसर पर विजेता व उपविजेता टीम को सम्मानित किया गया।
शनिवार को माजरा स्थित डीबीसीए के मैदान में फाइनल मुकाबला खेला गया। मेजबान डीबीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में तीन विकेट खोकर 255 रन बनाए। ओपनर समर्थ सेमवाल व आदित्य चक्रवर्ती ने शानदारी शतकीय पारियां खेलीं और पहले विकेट के लिए 29.1 ओवर में 209 रन जोड़े। समर्थ ने 89 गेंदों पर 108 और आदित्य ने 107 गेंदों पर 108 रनों की पारी खेली। स्पर्श ने 16 गेंदों में 22 रन बनाए। एमसीए के गौतम और गौरव ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एमसीए की पूरी टीम 30.3 ओवर में 113 रन बनाकर ढ़ेर हो गई। पार्थ ने सबसे अधिक 28 और आदित्य ने 17 रन बनाए। डीबीसीए के अमन ने 21 रन देकर पांच विकेट लिए। इसके अलावा सचिन, हर्षित शर्मा और दीप ने दो-दो विकेट लिए। समापन अवसर पर बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन डा. नवीन बलूनी और एमडी विपिन बलूनी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बल्ले और गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले आदित्य चक्रवर्ती को मैन ऑफ द सीरीज, अनुज कंडारी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, दीपज्योति और अथर्व को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला।