पहाड़ में मरीजों को अब डॉक्टरों की कमी नहीं झेलनी पड़ेगी। पहले 250 डॉक्टर प्रदेश को मिले और अब 1000 डॉक्टरों की भर्ती की तैयारी है। लोक सेवा आयोग से चयनित 70 फीसदी डाक्टरों के ज्वाइन करने से विभाग उत्साहित है।
यही कारण है कि विभाग में 1250 पदों के सापेक्ष एक हजार पद पर नियुक्ति आयोग के माध्यम से कराने की तैयारी शुरू हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी की सहमति के बाद महानिदेशालय चिकित्सकों की भर्ती के लिए शासन को प्रस्ताव भेज रहा है।
विभाग ने देश भर में मेडिकल कॉलेजों से पास आउट हुए नए बैच को देखते हुए अब एक हजार चिकित्सकों की भर्ती आयोग के माध्यम से करने का फैसला लिया है। महानिदेशक स्वास्थ्य जीएस जोशी ने बताया कि विभाग में चिकित्सकों के खाली पदों की संख्या नई हुई भर्ती से कुछ हद तक कम हुई है, लेकिन अभी बड़ी संख्या में पद खाली हैं।
गौरतलब है कि फरवरी माह में 747 रिक्त पदों की आयोग के माध्यम से हुई भर्ती में 421 चिकित्सकों चयनित हुए थे। विभाग में अभी तक लगभग 250 चिकित्सक ज्वाइन कर चुके हैं।