दून अस्पताल में बच्चा बदलने के आरोप के मामले में मंगलवार को प्रसूता का डीएनए जांच के लिए सैंपल लिया गया। हालांकि सैंपल प्रयोगशाला में जमा नहीं हो पाए। सैंपल जमा करने के लिए लैब ने एसएसपी की ओर से जारी पत्र मांगा था। इस सैंपल को बुधवार को प्रयोगशाला में जमा कराया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक मामले की जांच के लिए संबंधित पक्षों के डीएनए सैंपल मंगलवार को लिए गए। सैंपल लेने के बाद इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाना था, लेकिन लैब प्रबंधन ने पुलिस की ओर से आवश्यक पत्र प्रस्तुत करने को कहा। इसके चलते सैंपल अस्पताल में ही रखे रहे। एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि इस संबंध में एसएसपी से वार्ता हो गई है। उन्होंने कहा कि एसएसपी की ओर से आवश्यक पत्र उपलब्ध कराया जाएगा और बुधवार को सैंपल लैब में जमा करा दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि 24 अगस्त को प्रेमनगर निवासी महिला का दून अस्पताल में प्रसव हुआ था। अस्पताल के कागज में डिलीवरी के बाद एक जगह बेटी लिखा था जबकि दो जगहों पर बेटा लिखा गया था। महिला के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर बच्चा बदलने का आरोप लगाया था। अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले में बच्चे और मां के डीएनए मिलान के लिए सैंपल लेने की बात कही थी जिसके क्रम में मंगलवार को यह प्रक्रिया पूरी की गई। संबंधित पक्षों के डीएनए मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही महिला को अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।