देहरादून। श्रम विभाग की साइकिल को बांटने में गड़बड़ी के मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने अपर श्रमायुक्त को 24 घंटे के अंदर साइकिलों का पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। इस ब्यौरे का पात्रों के ब्यौरे के साथ मिलान किया जाएगा।
बता दें, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने साइकिलें बांटी थीं। शिविर में आम आदमी पार्टी की टोपी पहने लोग भी शामिल थे। नियमानुसार साइकिलें केवल उन्हीं श्रमिकों को मिलनी थीं, जिनके श्रमिक कार्ड बने हुए हैं, लेकिन आधार कार्ड धारक श्रमिक को भी साइकिल दे दी गई। श्रम विभाग इस मामले की पहले जांच कर चुका है, जिसे शासन ने खारिज कर दिया है। इसके बाद जिलाधिकारी को मामले की जांचकर 15 दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने बृहस्पतिवार को अपर श्रमायुक्त से बांटी गई साइकिलों का पूरा ब्यौरा तलब किया है। उन्होंने कुल बांटी गई साइकिल और उनके लाभार्थियों के नाम, पता, मोबाइल नंबर, श्रमिक कार्ड इत्यादि की जानकारी भी मांगी है। इस जानकारी का मिलान साइकिल बांटने के आंकड़े से किया जाएगा। इसके आधार पर गड़बड़ी का पता चल सकेगा।