दिवाली के लिए सजा बाजार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
19 से 29 अक्तूबर तक चलेंगी अतिरिक्त बस सेवाएं
दीपावली और अन्य पर्वों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने विशेष व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं। निगम मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में 19 से 29 अक्तूबर तक सभी डिपो को अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाप्रबंधक क्रांति सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व, गोवर्धन पूजा, भाईदूज एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि की संभावना है। ऐसे में देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, हल्द्वानी, टनकपुर, रामनगर, नैनीताल समेत सभी डिपो को आदेशित किया गया है कि वे दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, रुड़की, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार आदि मार्गों पर आवश्यकतानुसार फेस्टिव स्पेशल बसें संचालित करें। मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि सभी डिपो अपने-अपने कार्यशालाओं में बसों की मरम्मत और तैयारियों का कार्य 18 अक्तूबर तक पूर्ण करें।
19 से 29 अक्तूबर तक डिपो सहायकों को आउटस्टेशन ड्यूटी पर तैनात रहना होगा ताकि यात्रियों की मांग के अनुसार तत्काल बसें उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि पर्व के दौरान सभी चालक एवं परिचालक यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करें। निगम ने सभी मंडलीय प्रबंधकों को यह भी कहा है कि बस अड्डों पर भीड़ को नियंत्रित करने और टिकट व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त कर्मचारी तैनात किए जाएं। देहरादून आईएसबीटी, ऋषिकेश, हरिद्वार, काशीपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, टनकपुर, रामनगर आदि स्थानों पर विशेष पर्यवेक्षण दल गठित करने के भी निर्देश दिए गए हैं जो पर्व काल के दौरान बस संचालन व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे।
बिजली विभाग ने क्षेत्रवार तैनात किए अधिकारी
दीपावली के लिए शनिवार से बिजली विभाग ने विभिन्न क्षेत्राें में अधिकारी तैनात रहेंगे। साथ ही ट्रांसफार्मर ट्राॅली भी बढ़ा दी गई हैं। त्योहार में ट्रांसफार्मर में कोई दिक्कत आई तो तुरंत ट्राॅली ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति सुचारु की जाएगी। वहीं, विभाग के कर्मचारियों को हर समय अपने क्षेत्रों में राउंड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। दीपावली महोत्सव शुरू हो गया है ऐसे में अब बिजली का भी लोड बढ़ेगा। दीपावली पर आपूर्ति सुचारु रहे इसके लिए विभाग ने मरम्मत के भी काम किए। वहीं, त्योहार में हर समय आपूर्ति सुचारु रखने का दावा किया गया है। शनिवार से अधिकारियों की अलग-अलग क्षेत्रों में तैनाती की गई है जो त्योहार में बिजली आपूर्ति सुचारु रखेंगे। साथ ही 40 अतिरिक्त कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है। दून में 25 ट्रांसफार्मर ट्राॅली लगाई गई हैं जो अलग-अलग क्षेत्रों में रहेंगी। अधीक्षण अभियंता राहुल जैन ने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों को शनिवार से 22 अक्तूबर तक तैनात कर दिया गया है। कहीं दिक्कत आती है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा।
ये भी पढे़ं...Dehradun: आपदा ने ऐसा उजाड़ा कि दिवाली पर भी रोशन नहीं होगा मजाड़ा गांव, दर्द से टूट चुके कई परिवार
ब्रेकडाउन की स्थिति में देनी होगी सूचना
अधीक्षण अभियंता राहुल जैन ने निर्देश दिए कि दीपावली पर्व पर सभी अधिकारी ब्रेकडाउन की स्थिति में उच्चाधिकारियों को सूचना देकर आपूर्ति सुचारु कराएंगे। साथ ही अधिशासी अभियंता अपने स्तर पर आपूर्ति बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी बदल सकते हैं।