उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से निगम के नियमित कर्मचारियों को साल 2017-18 के लिए 6908 रुपये का बोनस दिया जाएगा। वित्त नियंत्रक की ओर से बोनस देने का आदेश भी जारी कर दिया है। वित्त नियंत्रक की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक बोनस सिर्फ उन्हीं कर्मचारियों को दिया जाएगा, जिनका ग्रेड पे 4800 तक है।
वित्त नियंत्रक पंकज तिवारी ने बताया कि शासनादेश में उल्लेखित नियम शर्तों के अनुसार 6908 का बोनस भुगतान सिर्फ नियमित कर्मचारियों को दिया जाएगा। जारी किए गए बोनस में से 5000 रुपये का भुगतान दिवाली पर होगा जबकि शेष धनराशि का भुगतान बाद में किया जाएगा। वित्त नियंत्रक पंकज तिवारी ने बताया कि बोनस का भुगतान निगम के नियमित कर्मचारियों को दिया जाएगा। मंडलीय प्रबंधक व मंडलीय कार्यशाला प्रबंधक बोनस की धनराशि का भुगतान कराना सुनिश्चित करेंगे। बोनस का भुगतान मंडल को होने वाली दैनिक आय में से किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि परिवहन निगमकर्मी लंबे समय से वेतन व बोनस की मांग रहे थे। दूसरी ओर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश महामंत्री रामचंद्र रतूड़ी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कर्मचारियों को महंगाई भत्ता व बोनस भुगतान देने संबंधी आदेश जारी किए जाने के बाद निगम प्रबंधन का आभार जताया है। दोनों पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन की ओर से प्रस्तावित धरने को भी फिलहाल टाल दिया गया है।
परिवहन कर्मियों का महंगाई भत्ता बढ़ा
दिवाली से पहले परिवहन निगम ने अपने कर्मियों को दो प्रतिशत महंगाई भत्ता अनुमन्य कर तोहफा दिया है। कर्मियों को यह भत्ता अक्तूबर माह से दिया जाएगा। निगम के वित्त नियंत्रक पंकज तिवारी के अनुसार महंगाई भत्ते को सात से बढ़ाकर नौ प्रतिशत करने का आदेश जारी कर दिया गया है। परिवहन मुख्यालय की ओर से निगम के सभी कार्यालयों को इसकी सूचना भेज दी गई है।