एनडीपीएस के मामले में जेल भेजने के आदेश के बाद आरोपी दिव्यांग ने कोर्ट बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल आरोपी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। मंगलवार को इलाज के दौरान जितेंद्र की मौत हो गई।
वहीं, पुलिस ने हिरासत से भागने के आरोप में उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया था। बीती चार जुलाई की रात मसूरी में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को दून अस्पताल में भर्ती कराया था। पांच जुलाई को जब पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली, तो उसमें से 62 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल में भर्ती दिव्यांग जितेंद्र के खिलाफ एनडीपीएस में मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार को पुलिस ने उसे डिस्चार्ज कराया और पेशी के लिए एनडीपीएस कोर्ट लेकर पहुंची। कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड में जेल भेज दिया।