उत्तराखंड सरकार ने सोमवार को प्रदेश में छह जिलों के जिलाधिकारी बदल दिए। अल्मोड़ा के डीएम रहे विनोद सुमन को नया जिला चमोली मिला है, जबकि हटाए गए बाकी पांच अधिकारियों को अभी नई जिम्मेदारी नहीं मिली है।
हरिद्वार से हरिचंद्र सेमवाल को हटाकर उनके स्थान पर शासन में अपर सचिव पंचायती राज एवं निदेशक पंचायती राज हरबंस सिंह चुघ को जिलाधिकारी बनाया गया है। आबकारी आयुक्त विनय शंकर पांडेय उत्तरकाशी के नए डीएम होंगे। इन्हें इंदुधर बौड़ाई के स्थान पर भेजा गया है।
अपर सचिव कृषि एवं निदेशक सेवायोजन सविन बंसल को अल्मोड़ा का डीएम बनाया गया है। अल्मोड़ा के डीएम रहे विनोद सुमन को चमोली जिले में डीएम की जिम्मेदारी दी गई है। चमोली से अशोक कुमार को हटाया गया।
अपर सचिव समाज कल्याण, विद्यालयी शिक्षा अतुल कुमार गुप्ता अब पिथौरागढ़ के डीएम होंगे। यहां से सुशील कुमार को हटाया गया है। अपर सचिव ग्राम्य विकास, महिला सशक्तिकरण ज्योति नीरज खैरवाल टिहरी की डीएम बनाई गई हैं।
इनसे पहले यहां पर युगल किशोर पंत के पास यह जिम्मेदारी थी। शासन से जिन अधिकारियों को डीएम बनाकर भेजा गया है, उनके खाली पदों पर अभी किसी को नियुक्ति नहीं दी गई है।