फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सात जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करें, अन्यथा मतदाता सूची से नाम छूटने का खतरा: डीएम

Sat, 04 Jul 2026 09:57 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से सात जुलाई तक हर हाल में गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा नहीं करने पर मतदाता सूची में नाम प्रभावित हो सकता है, इसलिए सभी नागरिक समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
विज्ञापन

डीएम ने बताया कि जिले में कुल 13.76 लाख पंजीकृत मतदाताओं में से अब तक 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपने गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं। इनमें से 99.98 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है। इसके बावजूद अभी भी 1,90,588 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, जिन्हें निर्धारित समय सीमा से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

उन्होंने कहा कि जो लोग दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते, उनके लिए निर्वाचन आयोग ने ईसीआईनेट ऐप और बुक ए कॉल विद बीएलओ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। इन माध्यमों से मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर आसानी से गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
विज्ञापन

डॉ. चौहान ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। वहीं अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें