जिला निर्वाचन विभाग ने वोटर लिस्ट शुद्धिकरण और नए वोटर बनाने के अभियान में आमजन से बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। यह भी संदेश दिया है कि वोटर लिस्ट अपडेट और नए वोटर बनाने के लिए अगर बीएलओ घर पर नहीं पहुंचे तो इसकी शिकायत प्रशासन से करें।
राष्ट्रीय निर्वाचक नामावली शुद्धिकरण, सत्यापन अभियान-2016 के तहत जिले में वोटर बनाने और वोटर लिस्ट की गलतियां दूर करने का अभियान बुधवार को शुरू हो चुका है। यह अभियान 20 जुलाई तक चलेगा।
इसके लिए जिले में करीब 1000 से अधिक बीएलओ को प्रशिक्षण देकर घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। जिस किसी भी भारतीय नागरिक ने एक जनवरी 2016 को 18 साल या या इससे अधिक की आयु पूरी कर ली है तो उनका नाम किसी वजह से वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं हो पाया है, फार्म-छह भरकर वोटर बनें।
परिवार के जिन सदस्यों के वोटर कार्ड बनाने हों, उनके पासपोर्ट साइज के दो फोटो अपने पास रख लें। बीएलओ कभी भी आपके घर पर पहुंच सकते हैं। उप निर्वाचन अधिकारी प्रताप शाह ने बताया कि सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान को त्वरित गति से पूरा करें। नए वोटर बनाने या वोटर लिस्ट में शुद्धिकरण को पूरी तन्मयता से संपन्न कराएं।
Published By : Nirmala Suyal