जिला सहकारी बैंक चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची सोमवार को जारी की जाएगी।अन्तिम मतदाता सूची में छह ब्लाकों से 13 आपत्तियां दर्ज हुई है। निर्वाचन अधिकारी आपत्तियों की सुनवाई के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी करेंगे। इसके बाद 27 नवंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री और 28 नवंबर को नामांकन पत्र भरे जाएंगे।
जिला सहकारी बैंक देहरादून के चुनाव कराने के लिए जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने मंडी समिति सचिव विजय प्रसाद थपलियाल को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। चुनाव में कालसी, विकासनगर, चकराता, कालसी, सहसपुर व रायपुर ब्लाक के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंक की प्रबंध कमेटी के सदस्य पद के चुनाव में भाग लेेंगे। अनन्तिम मतदाता सूची में छह ब्लाकों से 13 आपत्तियां दर्ज हुई है।
सोमवार को निर्वाचन अधिकारी आपत्तियों की सुनवाई करने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी करेंगे। निर्वाचन अधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि 27 नवंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। जबकि 28 नवंबर को नामांकन पत्र भरे जाएंगे। 4 दिसंबर को प्रबंध कमेटी के सदस्य पद का चुनाव होगा। 5 दिसंबर को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव कराया जाएगा। बता दें कि प्रदेश में पहले चरण में टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, देहरादून, पौड़ी जिला के सहकारी बैंकों के चुनाव कराए जाएंगे।