मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को गुलदार हमले में भाई को बचाते हुए घायल हुई बालिका राखी के परिजनों से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार से हर तरह की मदद परिवार को दी जाएगी।
गुलदार हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बालिका राखी इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थी। राखी अब खतरे से बाहर है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है। मुख्यमंत्री ने राखी के पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि बालिका ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने छोटे भाई को बचाया। हमें अपनी बेटी की वीरता पर गर्व है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली स्थित उत्तराखंड के अपर स्थानिक आयुक्त को बालिका राखी के परिजनों के संपर्क में रहते हुए आवश्यक उपचार व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पौड़ी जिले के बीरोंखाल विकासखंड में शुक्रवार को 11 साल की राखी अपने 4 साल के भाई के साथ घर आ रही थी, तब एक गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। राखी ने गुलदार से डरने के बचाए उसका सामना किया और अपने भाई की रक्षा की। इस हमले में भाई को अधिक चोटें नहीं आई, लेकिन राखी घायल हो गई थी।