देहरादून नगर निगम ने तय समय तक हाउस टैक्स जमा न कराने पर आईएसबीटी और सिटी जंक्शन मॉल को कुर्की का नोटिस जारी किया है। टैक्स जारी करने के लिए दोनों संस्थानों को 30 दिन का समय दिया गया है।
निगम ने कुछ दिन पूर्व आईएसबीटी पर 38 लाख रुपये और सिटी जंक्शन पर 49 लाख रुपये हाउस टैक्स बकाया होने का नोटिस जारी किया था। इसके भुगतान के लिए मंगलवार 25 फरवरी तक का समय दिया गया था। लेकिन दोनों ही प्रतिष्ठानों ने तय समय तक हाउस टैक्स का भुगतान नहीं किया।
इस पर निगम ने बृहस्पतिवार को उन्हें कुर्की का नोटिस जारी किया। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि टैक्स जमा कराने के लिए 30 दिन की मोहलत दी गई है। उसके बाद भी टैक्स जमा न कराने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने इससे पहले पैसिफिक मॉल समेत कई बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी किया है। निगम की सख्ती के बाद पैसिफिक मॉल ने करीब पांच करोड़ रुपये टैक्स जमा कराया था। विनय शंकर पांडेय ने कहा कि तय समय में हाउस टैक्स जमा न कराने वालों के साथ किसी तरह की सहानुभूति नहीं दिखाई जाएगी।