मिर्जापुर सादात गांव में रविवार रात असामाजिक तत्वों ने तिराहे पर लगी भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह प्रतिमा का हाल देखकर ग्रामीण भड़क और आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह शांत कराया। साथ ही नई प्रतिमा लगाने का भरोसा दिया। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है।
मिर्जापुर सादात गांव में तिराहे पर विगत 14 अप्रैल को ही भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाई गई थी। रविवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इसे गिरा दिया। सोमवार सुबह करीब छह बजे शौच जा रहे ग्रामीणों ने प्रतिमा गिरी देख इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई।
गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर खानपुर थानाध्यक्ष आरके सकलानी, लक्सर सीओ चंदन सिह बिष्ट, लक्सर एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए।