- मेन बाजार से सटी राइस मिल वाली गली में दुर्गंध व गंदगी से लोगों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। नगर के मेन बाजार से सटी राइस मिल वाली गली में नाली चोक होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीर भी परेशानी का सामना कर रहे हैं। गली में फैली गंदगी और दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वहीं, क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
राइस मिल वाली गली से दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। गली में कई नागरिकों के आवास भी हैं। इसके अलावा दो प्रमुख बैंक स्थित होने के कारण बैंक ग्राहकों का भी लगातार आना-जाना लगा रहता है। विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी इसी गली से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में सड़क पर गंदा पानी जमा होने से सभी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर दुपहिया वाहनों के पहियों से उछलकर पानी आसपास के भवनों में जा रहा है। स्थानीय निवासी मनोज कुमार, रवि मित्तल, अरविंद शर्मा आदि ने नगर पालिका प्रशासन से चोक नाली को खुलवाकर गंदे पानी की निकासी सुचारू कराने की मांग की है। उनका कहना है समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है। उधर, नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने कहा नाली की सफाई के लिए तत्काल निर्देशित किया जा रहा है। समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।