ऊपर तक पहुंच की दिखाई धौंस, धमकियां भी दीं
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि नरेंद्र शाह बीते कई दिनों से उनकी बेटी के साथ बदनीयत से हरकतें कर रहा था। बार-बार जाति सूचक शब्दों में धमकियां भी देता था। इस दौरान दो अन्य पदाधिकारियों का नाम भी लिया जाता था। शाह कहता था कि उसकी ऊपर तक पहुंच है। उसने कई बार पीड़िता के शरीर पर हाथ लगाए। पीड़िता के पिता के अनुसार शाह उनकी बेटी से यह भी कहता था कि उसे दो अन्य पदाधिकारियों की शारीरिक जरूरतों को भी पूरा करना है।
शाह की पत्नी को थी जानकारी, पर नहीं उठाई आवाज
पीड़िता के पिता के अनुसार शाह की पत्नी भी इन बातों से परिचित थीं, लेकिन उन्होंने भी कभी आवाज नहीं उठाई। यह बातें उनकी बेटी ने जब अपने सहपाठियों को बताईं तो उन्होंने भी अपने साथ हुई इस तरह की हरकतों की जानकारी दी।
सख्त कार्रवाई की जाएगी : एसएसपी
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर का कहना है कि नरेंद्र शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उसके पूरी तरह ठीक होने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। जहां तक दूसरे लोगों के नाम की बात है तो इसके बारे में भी जांच की जा रही है। नरेंद्र शाह के बयानों के बाद ही बात साफ हो सकती है कि क्या वास्तव में वह किसी के दबाव में या किसी के लिए यह सब काम करता था। उन्होंने बताया कि मामले में एससी-एसटी की धाराएं भी हैं। लिहाजा, इसकी जांच पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी को दी गई है।
एसोसिएशन के संज्ञान में सभी बातें हैं। पदाधिकारियों का नाम पीड़िता ने अपनी तहरीर में लिखा है। इसके बारे में एसोसिएशन भी जांच करा रही है।
- विजय प्रताप मल्ला, प्रवक्ता, सीएयू