डीबीटीएल योजना के फॉर्म बांटने और जमा करने के लिए गैस एजेंसियां साप्ताहिक अवकाश के दिन भी खुली रहने की बात तेल कंपनियों की ओर से कही गई थी।
लेकिन दून एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने तय किया है कि छुट्टी के दिन सिर्फ आधे दिन तक ही गैस एजेंसियां खुलेंगी। इस दिन सिर्फ डीबीटीएल फॉर्म का ही काम होगा।
सातों दिन एजेंसी खोले जाने के निर्देश
महीने के पहले साप्ताहिक अवकाश के दिन कुछेक को छोड़कर शहर की अधिकतर गैस एजेंसियां बंद रही थीं, जबकि तेल कंपनियों ने डीबीटीएल योजना के फॉर्म जमा करने के लिए सातों दिन एजेंसी खोले जाने के निर्देश दिए थे।
इस हफ्ते से साप्ताहिक अवकाश के दिन एजेंसियां आधे दिन तक खुली रहेंगी। चुग गैस एजेंसी का रविवार को अवकाश है, एजेंसी के संचालक विनेश ने बताया कि आधे तक एजेंसी खुली रहेगी। इस दौरान गैस बुकिंग या अन्य काम नहीं होंगे।
वैली गैस एजेंसी का सोमवार को अवकाश है, लेकिन एजेंसी संचालक ने आधे दिन खुलने की बात कही है। रेसकोर्स स्थित अरविंद गैस एजेंसी में सोमवार को छुट्टी के दिन खुलने का नोटिस लगा दिया गया है।
दून एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने बताया कि छुट्टी के दिन दोपहर एक बजे तक ही एजेंसी में डीबीटीएल के फॉर्म बांटे जाएंगे।