केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कैंट क्षेत्र दुर्गामल्ल पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो पेयजल सहित पांच योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देहरादून और मसूरी धरोहर है। इसे संजोकर रखना हम सब की जिम्मेदारी है। इसके लिए सरकार भी अपने स्तर पर कार्य कर रही है। इसमें ओएनजीसी की अहम भूमिका है। ओएनजीसी अपने सीएसआर फंड (कॉर्पोरेट सोशियल फंड) के 230 करोड़ से कैंट क्षेत्र में निमार्ण कार्य करा रही है।
बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में दौरान मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रिमोट के माध्यम से डिजिटल स्क्रीन पर इन सभी योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इन सभी योजनाओं का निर्माण जल्द से जल्द हो जाएगा।
क्षेत्रीय विधायक ने योजनाओं से अवगत कराया
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि गढ़ी कैंट एवं प्रेमनगर में ट्यूबवेल के निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों में पीने के लिए पानी की किल्लत नहीं होगी। टपकेश्वर मंदिर परिसर में शौचालय निर्माण से पर्यटकों को असुविधा नहीं होंगी। हरित मिश्र निर्माण से शवदाह के लिए लकड़ी के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होगा।
जोशी ने ग्राम पंचायत गजियावाला, चिड़ोवाली एवं भगद्वारीखाल में क्रीड़ा स्थल एवं बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण के लिए ओएनजीसी के सीएमडी डीके सर्राफ को मांग पत्र दिया। सीएमडी ने उन्हें इस पर विचार करने का आश्वासन दिया।
जोशी ने मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को खुखरी भेंट की। इस मौके पर कैंट छावनी परिषद के सीईओ सुब्रत पाल सहित छावनी क्षेत्र के सभासद व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।