धामी सरकार ने अपने रिपोर्ट कार्ड में युवाओं को प्रदेश से लेकर विदेश तक रोजगार के अलावा लघु उद्योगों से एक लाख से ज्यादा युवाओं के रोजगार की उपलब्धियां याद दिलाई हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पांच वर्षों में राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार उपलब्ध कराने और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से लेकर वैश्विक स्तर पर रोजगार और विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार तक, प्रदेश में युवाओं के भविष्य को संवारने का एक मजबूत ढांचा तैयार किया गया है।
पारदर्शी भर्ती और स्वरोजगार को बढ़ावा
प्रदेश में बीते पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर नकल माफिया पर शिकंजा कसा है। इसके साथ ही, उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिया गया है। स्वरोजगार की दिशा में युवाओं को प्रेरित करने के लिए कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) की योजना भी चलाई जा रही है।
देहरादून: भाजपा ने बनाया वॉर रूम, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुला चुनाव कार्यालय, यहीं तय होगी जीत की रणनीति
विदेशी भाषा प्रशिक्षण और निशुल्क कोचिंग
युवाओं को वैश्विक बाजार के लिए तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा सिखाने के लिए 158 केंद्र खोले गए हैं। इस साल अक्तूबर तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिल चुका है। वहीं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के पहले चरण में 11 हजार विद्यार्थियों को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है।
शिक्षा का आधुनिकीकरण और छात्रवृत्ति
स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए पीएम श्री योजना के दो चरणों में कुल 225 विद्यालयों का चयन किया गया है। 500 राजकीय माध्यमिक स्कूलों में वर्चुअल कक्षाएं चल रही हैं। विभिन्न योजनाओं के तहत 21,743 मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति मिली है, साथ ही उच्च शिक्षा के लिए नई प्रोत्साहन छात्रवृत्ति भी शुरू की गई है।
विज्ञान, नवाचार और साक्षरता में नई उपलब्धियां
रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, विज्ञान के प्रति रुचि जगाने के लिए लैब ऑन व्हील कार्यक्रम चलाया जा रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी बन रही है। इसके अतिरिक्त, उल्लास कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है। दून विवि में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना और टिहरी व अल्मोड़ा में नए केंद्रीय विद्यालयों की पहल से उच्च व स्कूली शिक्षा को नया आयाम मिला है।