गंगा और शारदा कॉरिडोर पर होगा काम
चार जून के बाद धामी सरकार अवस्थापना विकास से जुड़ी परियोजनाओं पर फोकस करेगी। गंगा नदी पर ऋषिकेश और हरिद्वार पुनर्निर्माण गलियारा परियोजना पर चल रहा कार्य जोर पकड़ेगा। हरिद्वार कॉरिडोर का मास्टर प्लान का ड्राफ्ट बन चुका है। चंपावत में शारदा कॉरिडोर और ऋषिकेश कॉरिडोर पर भी कार्य जोर पकड़ेगा।
दो नए शहर विकसित करने पर होगा फोकस
लोकसभा चुनाव से पहले ही सरकार ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में एक-एक नया शहर विकसित करने की योजना बनाई है। चुनाव आचार संहिता के बंधन से मुक्त होने के बाद राज्य सरकार इन दोनों प्रोजेक्टों पर फोकस करेगी।
विकास योजनाओं के शासनादेश जारी होंगे
आचार संहिता के कारण विकास कार्यों से जुड़े शासनादेश नहीं हो पाए हैं। चार जून के बाद शासनादेश जारी होंगे। मुख्यमंत्री वित्तीय प्रबंधन को लेकर वित्त विभाग की समीक्षा भी करेंगे। वह बजट खर्च और राजस्व प्राप्ति की प्रगति का आकलन भी करेंगे।
मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करेंगे
मुख्यमंत्री मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। विशेषतौर पर भू धंसाव से प्रभावित रहे जोशीमठ के पुनर्निर्माण व प्रभावित परिवारों के हितों से जुड़े मसलों और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति जानेंगे और इसमें तेजी लाने के दिशा-निर्देश देंगे।
ये भी पढ़ें...Dehradun : ऑल टाइम रिकॉर्ड के करीब पहुंचा दून का तापमान, 43 डिग्री पहुंचा पारा; गर्म हवाओं ने झुलसाया
विधायकों और कार्यकर्ताओं को भी उम्मीद
सत्तारूढ़ भाजपा के विधायकों और कार्यकर्ताओं को भी मुख्यमंत्री से काफी उम्मीद है। राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की लंबे समय से प्रतीक्षा हो रही है। साथ ही प्रदेश सरकार में अब भी कई दायित्व खाली हैं। कार्यकर्ताओं की इन खाली कुर्सियों पर नजर है।