गांवों को फिर से आबाद करना मेरी प्राथमिकता होगी
पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 29 विषयों को सौंपना, पंचायत भवन विहीन पंचायतों में पंचायत भवनों का निर्माण, पंचायत भवनों के निर्माण के लिए 10 लाख की धनराशि को बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जाना एवं खाली हो चुके गांवों को फिर से आबाद करना मेरी प्राथमिकता होगी। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा, पुनर्गठन और जनगणना में भी जन और राज्य हित में जो होगा उसे प्रमुखता से किया जाएगा। -मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री
योजनाओं का लाभ लोगों को मिले होगी प्राथमिकता: प्रदीप
योजनाओं का लाभ लोगों को मिले यह प्राथमिकता होगी। प्रयास किया जाएगा कि परिवहन निगम कर्मचारियों को हमेशा समय पर वेतन मिले, निगम को लाभ में पहुंचाया जा सके। जिन क्षेत्रों में परिवहन निगम की बस सुविधाएं नहीं हैं, अधिक से अधिक क्षेत्रों तक लोगों को इस सुविधा का लाभ मिले यह प्राथमिकता होगी। सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए काम किया जाएगा।
पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएंगे योजनाओं का लाभ: खजान दास
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि समाज कल्याण विभाग महत्वपूर्ण विभाग है। जिस व्यक्ति के लिए यह योजनाएं वहां तक पहुंचे और धरातल पर उतरे। यह प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा कई बार देखा गया है कि समाज कल्याण विभाग को लेकर जांच, पड़ताल की बात सामने आती है। बार- बार आरोप लगते हैं। यह स्थिति क्यों है? इसका पता किया जाएगा। अगर कहीं कोई कमी है, तो उसका पता कर सुधार किया जाएगा।
ये भी पढे़ं...चकमा हत्याकांड: ब्लू कॉर्नर नोटिस पर CBI ने भेजी आपत्ति, मांगे जवाब, दो नाबालिग समेत पांच के खिलाफ है चार्जशीट
जल संरक्षण और पौधरोपण पर रहेगा फोकस : कैड़ा
देहरादून। पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन व शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पहाड़ों में जलस्र्रोत सूख रहे हैं, यह एक चुनौती है। राज्य के नौला, धारों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए कार्य किया जाएगा। जिससे जल की उपलब्धता को और बेहतर किया जा सके। इसके अलावा बरसात के पानी का संग्रहण कार्य भी प्राथमिकता में रहेगा। चाल, खाल के माध्यम से यह जल संग्रहण का कार्य होगा। यह कार्य जलागम विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। इसके साथ ही हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण को लेकर भी फोकस रहेगा। पौधरोपण को लेकर अभियान चलाया जाएगा। शहरी विकास योजनाओं को और बेहतर ढंग से धरातल पर उतारने का कार्य होगा। इससे जुड़ी योजनाओं में और तेजी लायी जाएगी।