ढैंचा बीज घोटाले के मामले में गाजियाबाद निवासी जय प्रकाश डबराल ने हाईकोर्ट में नई जनहित याचिका दायर की है। इसमें मामले की जांच हाईकोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की गई है।
याचिका में यह भी मांग की गई है कि ढैंचा बीज खरीद संबंधी निविदा को निरस्त किया जाए एवं इस मामले से सरकार को जो हानि हुई, उसकी क्षतिपूर्ति आरोपियों से की जाए। याचिकाकर्ता की ओर से घोटाले में शामिल जिम्मेदार अधिकारियों की पदोन्नति रोकने की भी मांग की गई है।
इस मामले में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश, अपर मुख्य सचिव रणबीर सिंह, कृषि निदेशक, अपर निदेशक कृषि गढ़वाल मंडल एवं रामनगर बैलपड़ाव स्थित निधि सीड्स कॉरपोरेशन नामक निजी संस्था को भी पक्षकार बनाया गया है।
खरीफ की फसल को बढ़ावा देने के लिए ढैंचा बीज की खरीद की गई थी। इस मामले में समुचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और कई गुना अधिक दामों पर ढैंचा बीज की खरीद की गई। इस प्रकरण पर सुनवाई 18 मार्च को होगी।