सेलाकुई थाना क्षेत्र में गृहक्लेश के चलते एक ढाबा संचालिका ने घर में फांसी लगा ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पंचनामा भरने के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।
सेलाकुई थाना पुलिस को सोमवार को दोपहर में निगम रोड स्थित एक घर में एक महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिली। थाना प्रभारी पीडी भट्ट टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला चुन्नी से बने फंदे से पंखे पर लटक रही थी। उसे नीचे उतारकर सीएचसी सहसपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सुमन पंवार (35) पत्नी मुकेश सिंह के रूप में हुई है। उसका परिवार मूल रूप से चमोली जिले के पोखरी तहसील क्षेत्र के सिमखोली गांव का रहने वाला है। मृतका ढाबा चलाती थी। उसका पति फैक्टरी में नौकरी करता है। थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या करने से पहले मृतका का पति और एक अन्य व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। प्रथम दृष्टया में गृहक्लेश के चलते महिला के आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।