उत्तराखंड में बे-काम चल रहे आतंकवादी निरोधी दस्ते (एटीएस) को पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू ने भंग कर दिया है। इस दस्ते की जगह अब स्वैट मोर्चा संभलेगी। इस दस्ते का इस्तेमाल आतंकवादी घटनाओं के अलावा अन्य अभियानों में भी किया जा सकेगा, जो एटीएस के साथ मुमकिन नहीं था।
स्वैट (स्पेशल वेपन एंड टैक्टिस) टीम को अमेरिका और यूरोप की तर्ज पर ट्रेनिंग और अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। दावे के अनुसार यह दस्ता अर्द्धकुंभ मेले से पहले मोर्चा संभाल लेगा।
एटीएस अपनी छाप नहीं छोड़ पाई
देश के तमाम राज्यों की तरह उत्तराखंड में भी आतंकी घटनाओं से निपटने के लिए करीब पांच साल पहले एटीएस का गठन किया गया था। लेकिन, एटीएस टीम किसी भी मामले में अपनी छाप नहीं छोड़ पाई। सबसे ज्यादा किरकिरी रुड़की बम विस्फोट के मामले में हुई।
इसी बीच दिंसंबर माह में पुलिस लाइन में पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू के समाने डेमो में भी यह टीम फेल साबित हुई। इस दौरान एटीएस जवानों की कार्रवाई बेहद आपत्तिजनक रही है। इस पर डीजीपी ने नाराजगी जताते हुए आईजी अभिसूचना को एटीएस टीमों की ट्रेनिंग की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि, शनिवार को इस दस्ते को ही भंग कर दिया गया। इस दस्ते को अब स्वैट में शामिल किया जाएगा।