राजधानी देहरादून में आसाराम की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए सोमवार को उनके भक्तों ने घंटाघर पर प्रदर्शन किया और जाम लगाया।
योग वेदांत सेवा समिति सहित आसाराम के सभी भक्तों ने बापू को रिहा करो वरना हमें भी गिरफ्तार करो, इस मांग के साथ दो घंटे तक घंटाघर पर प्रदर्शन किया।
आसाराम को न्यायिक हिरासत में लिए जाने के बाद दून के भक्तों में रोष है। भक्तों ने आसाराम पर षडयंत्र का आरोप लगाते हुए कहा कि पर्दाफाश होने पर सच सबके सामने आ जाएगा।
ट्रैफिक रोक जाम लगाया
भक्तों ने घंटाघर पर ट्रैफिक को रोक कर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि हमारी इस हरकत पर अब हमें भी जेल करो। जब आसाराम जेल में हैं तो हम भी जेल जाएंगे।
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर कोतवाली जयमल सिंह नेगी ने लोगों को समझाया कि उन्हें इस तरह से जेल में नहीं भेजा जा सकता है। दो घंटे वहीं धरना देने के बाद सभी लोग डीएम के पास पहुंचे।
शांत होकर लौटे
डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम प्रशासन हरक सिंह रावत ने इनसे मुलाकात की। जब भक्तों ने जेल जाने का दबाव बनाया तो एडीएम ने उन्हें समझाया।
इस पर सभी लोग शांत होकर वहां से लौट गए। प्रदर्शनकारियों में तृप्ता शर्मा, हरीश चंद्र जोशी, श्याम सुंदर, उर्मिला चौहान, विनोद अरोड़ा, सुनीता नेगी आदि शामिल थे।