देहरादून की गलियों से निकलकर उत्तराखंड की एक और बेटी बॉलीवुड में अपनी पहचान कायम करने में जुटी है।
चमक बिखेरने के लिए तैयार
देविशी खंडूड़ी के लिखे तीन गाने इन दिनों जनवरी में रिलीज होने वाली फिल्म ‘परांठे वाली गली’ में धूम मचा रहे हैं। खंडूड़ी का हुनर गाने लिखने तक ही सीमित नहीं है, वह दो बड़े बैनरों की फिल्मों में बतौर अभिनेत्री भी नए साल में चमक बिखेरने के लिए तैयार हैं।
मूलत: टिहरी के साणों गांव निवासी देविशी की शिक्षा दीक्षा देहरादून में हुई। श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल कालिदास रोड और फिर बिंदाल से स्कूली शिक्षा के बाद देविशी ने डीएवी कॉलेज से वर्ष 2005 में ग्रेजुएट किया।
इसके बाद वह मुंबई चली गईं। देविशी चार दक्षिण भारतीय फिल्में, एक अंग्रेजी फिल्म के अलावा प्रसिद्ध अभिनेता देव आनंद की आखिरी फिल्म चार्जशीट में जैकी श्रॉफ, नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकारों संग काम कर चुकी हैं।
खुद देविशी ने गाया गाना
इन दिनों देविशी के तीन गाने निर्देशक सचिन गुप्ता की जनवरी में आने वाली फिल्म परांठे वाली गली में धूम मचा रहे हैं। फिल्म का टाइटल गीत ‘परांठे वाली गली’ और ‘तेरे बिन हो न सकेगा गुजारा’ केके ने जबकि ‘म्हारे घाघरे विच गोटा चढ्या’ को खुद देविशी ने गाया है।
देविशी ने बताया कि अगले साल वह ‘द ट्रेन’ फेम हसनैन हैदराबादवाला की फिल्म ‘सूर्या’ में लीड रोल में नजर आएंगी। यह एक्शन और रोमांस फिल्म है।
इसके अलावा ‘फूल और कांटे फेम’ इकबाल दुर्रानी की फिल्म ‘मेरी जिद, मेरा जुनून’ में भी वह लीड रोल में हैं, उनके अपोजिट इकबाल के बेटे मशाल दुर्रानी होंगे।
‘किस मी’ एलबम की तैयारी
देविशी ने बताया कि एक्टिंग के साथ ही वह अपनी नई एलबम ‘किस मी’ की तैयारी कर रही हैं। यह सैंडो म्यूजिक के साथ सामने आएगी। इस एलबम में देविशी ने न केवल गीत लिखे हैं बल्कि कई गीत खुद गाए भी हैं। उन्होंने बताया कि एलबम की वीडियो पारिवारिक होगी, इसमें कोई अश्लीलता नहीं होगी।