देहरादून। ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण विभाग को हर साल ट्रांसफार्मरों की मरम्मत पर करोड़ों का भुगतान करना पड़ता है। इनमें अधिकतर ट्रांसफार्मर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खराब होते हैं।
बता दें, आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मरों में आने वाले फाल्ट का प्रमुख कारण ट्रांसफार्मरों पर लाइटिंग अरेस्टर उपकरण का न होना है। लाइटिंग अरेस्टर ऐसा उपकरण है, जो आकाशीय बिजली का पूरा लोड अपने ऊपर ले लेता है। जिससे ट्रांसफार्मर फुंकने से बच जाता है। विभागीय सूत्रों की मानें तो वर्तमान समय में कई ट्रांसफार्मर ऐसे हैं, जिनमें यह उपकरण खराब हो चुके हैं। बहरहाल निगम के आला अधिकारी इस समस्या की ओर से आंखें मूंदे बैठे हैं। इस संबंध में आरकेडिया ग्रांट की पूर्व उपप्रधान ने ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन प्रेषित कर सभी ट्रांसफार्मरों पर लाइटिंग अरेस्टर उपकरण लगाने की मांग की है। इस बाबत प्रबंध निदेशक यूपीसीएल बीसीके मिश्रा ने कहा कि अधिकांश ट्रांसफार्मरों पर उपकरण सही काम कर रहे हैं। बिजली गिरने या अन्य कारणों से ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायतें भी मिल रही हैं। बरसात के बाद खराब उपकरणों को बदलने का काम शुरू किया जाएगा।