अब विंटर कार्निवल का आयोजन हर वर्ष किया जाएगा : महाराज
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भारतीय सेना के साथ मिलकर राज्य का पर्यटन विभाग बदरीनाथ- माणा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल के द्वितीय संस्करण का आयोजन जून में होगा। इसके अलावा 80 के दशक में कुमाऊं से गढ़वाल के मध्य होने वाली प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली को भी कराने की भी योजना है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए राज्य में गत माह एक्रो फेस्टिवल का आयोजन किया गया जिसे कैलेंडर इवेंट की तरह हर साल आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा अप्रैल-2026 में भारतीय सेना के साथ सूर्य देवभूमि चैलेंज का आयोजन प्रस्तावित है जिसके अंतर्गत हेलंग से उर्गम, रूद्रनाथ, मंडल होते हुए ऊखीमठ तक कुल 91 किमी. ट्रेल का आयोजन किया जाएगा। कहा कि औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल 16 फरवरी तक चलेगा। अब विंटर कार्निवल का आयोजन हर वर्ष किया जाएगा।
एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का होगा आयोजन
महाराज ने बताया कि चमोली जिले की नीति घाटी में 31 मई को नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इसके अन्तर्गत रिमखिम से नीति होकर मलारी तक कुल 75 किमी. अल्ट्रा मैराथन एवं मलारी से नीति होकर मलारी तक कुल 42 किमी. मैराथन आयोजित की जाएगी। इस मैराथन में विदेशी प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का भी प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे का निर्माण कार्य इस वर्ष से होना प्रस्तावित है। रोपवे के निर्माण से इन दोनों धामों में आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुगमता और सुविधा होगी।