- 2364 खाली पदों पर अधिकारियों को दिए शीघ्र भर्ती के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबे समय से लटकी भर्ती पर विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नाराजगी जताई है। शिक्षा मंत्री ने एक सप्ताह के भीतर इसके लिए कमेटी गठित कर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरु करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा विभाग में आउटसोर्स के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी के 2364 खाली पदों पर भर्ती होनी है, लेकिन इसमें लगातार देरी हो रही है। शिक्षा मंत्री ने भर्ती के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रयाग पोर्टल, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह का गतिरोध पैदा न हो। विभागीय मंत्री के निर्देश पर चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए शासन को भी पत्र जारी कर दिया गया है।