राजधानी देहरादून में डेंगू फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग को राजधानी में डेंगू के मरीज मिलने से खलबली फैल गई है। आनन फानन में विभाग ने एलर्ट जारी किया है।
आइसोलेशन वार्ड रहेगा
डेंगू के मरीज मिलने के बाद महानिदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डा. योगेशचंद्र शर्मा ने मुख्य चिकित्साधिकारियों और जिला अस्पतालों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि हर अस्पताल में डेंगू के मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड रहेगा।
डा. शर्मा ने कहा कि मरीजों की स्क्रीनिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही पैथोलोजिकल जांच को फिर से सत्यापित किया जाएगा। रोगी के गांव या मोहल्ले में छिड़काव कराया जाएगा, जिससे डेंगू का संक्रमण फैलने न पाए।
आखिर कैसे बचे लोग
इसके साथ ही लोगों को जागरुक किया जाएगा कि वे भी एहतियात बरतें। घर के अंदर और बाहर सफाई रखें। स्वास्थ्य महकमें ने तो एहतियात बरतकर इतिश्री कर ली लेकिन राजधानी के कई ऐसे हिस्सों में साफ-सफाई करी कोई व्यवस्था नहीं है जहां डेंगू फैलने के सबसे अधिक आसार हैं।