राजधानी के बाद अब पहाड़ में भी डेंगू ने दस्तक दे दी है। मलेरिया के साथ ही अब डेंगू का डंक भी लगने लगा है। हल्द्वानी में डेंगू का पहला मरीज मिला है।
जांच रिपोर्ट में भी डेंगू की पुष्टि हुई है।
इलाज के लिए मरीज को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। दूसरी ओर रौसिल की मलेरिया पीड़ित एक और महिला को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऊंचापुल निवासी दीवान सिंह (32) को बुखार और कमजोरी होने पर सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया। सुशीला तिवारी अस्पताल के मेडिसिन विभाग
के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एसआर सक्सेना ने उनकी जांच कराई।
जांच में एनएस वन की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के साथ ही डेंगू की पुष्टि हो गई। डॉ. सक्सेना ने बताया कि मरीज की हालत ठीक है और उसकी प्लेटलेट्स 80 से 90 हजार के बीच हैं।
दूसरी ओर, रौसिल निवासी हेमा देवी को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। हेमा देवी को बेस अस्पताल लाया गया और फिजीशियन डॉ. अमित रौतेला ने खून के नमूने की जांच कराई।
जांच में मलेरिया की पुष्टि हो गई और हेमा देवी को बेस अस्पताल में भर्ती किया गया। रौसिल, भौर्सा, जमरानी समेत अन्य क्षेत्रों में मलेरिया तेजी से फैल रहा है। पिछले एक सप्ताह से मलेरिया के मरीज लगातार अस्पताल आ रहे हैं।