देहरादून की भगत सिंह कॉलोनी से दून अस्पताल में डेंगू के दो नए रोगी भरती हुए हैं।
महामारी बन सकता है डेंगू
यहां चार रोगी पहले से भरती हैं और 8 रोगी निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। डेंगू के हमले के मद्देनजर एएनएम शहरी और आशा ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर फ्रिज की प्लेट, टायरों में भरा पानी जाकर फेंकवा रही हैं।
जहां पानी भरा हुआ है वहां केरोसिन ऑयल डालने के लिए कहा जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस जंगपांगी का कहना है कि डेंगू के हमले को रोकने के लिए लोगों को जागरुक होना पड़ेगा।
डेंगू वायरस साफ पानी में पलता है। लोग अपने फ्रिज साफ, एसी साफ करें। आसपास पानी भर हो तो दवा छिड़कें। विभाग फॉगिंग वगैरह करवा रहा है। अगर लोग भी जागरुक न हुए तो डेंगू महामारी बन सकता है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जंगपांगी ने नगर निगम को पत्र भेजा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें भी गुरुवार से मैदान में उतरेंगी। इसके लिए सफाई जरूरी है।
दून अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस असवाल ने बताया कि बुधवार को डेंगू के दो नए रोगी आए हैं। कुछ डेंगू रोगी ठीक होकर घर चले गए हैं।