देहरादून। शहर में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इसका बुखार अब खतरनाक होने लगा है। बुखार बिगड़ने पर यह किडनी और लीवर के लिए भी खतरा बन रहा है। इस तरह के मरीज अब लगातार अस्पताल में पहुंच रहे हैं।
इस सीजन में शुरुआती दौर में डेंगू का बुखार ज्यादा खतरनाक नहीं हो रहा था। मरीजों को एक-दो दिन भर्ती करने के बाद चिकित्सक घर भेज रहे थे। कुछ मरीजों को ओपीडी से ही जांच के बाद जरूरी परामर्श देकर घर पर दवा लेने और आराम और एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही थी। लेकिन, अब डेंगू का बुखार खतरनाक स्तर तक पहुंचने लगा है। हालत यह है कि जरा सी लापरवाही हुई नहीं कि यह किडनी, लीवर और फेफड़ों पर असर डालने लगा है। इस तरह के मरीज भी अब अस्पताल में पहुंच रहे हैं। गांधी शताब्दी अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार के मुताबिक, इलाज में देरी और लापरवाही के चलते कई बार यह शरीर के दूसरे अंगों खासकर किडनी पर दुष्प्रभाव डालने लगता है। इसलिए डेंगू को हल्के में न लेकर विशेषज्ञ डॉक्टर से चेकअप जरूर कराएं।