समय से वेतन न मिलने के कारण मंगलवार को एक उपनल कर्मचारी के आत्महत्या के प्रयास के बाद उपनल कर्मचारियों में आक्रोश है। उपनल कर्मचारी संयुक्त मोर्चों ने बुधवार को तिलक रोड स्थित डीएफओ कार्यालय पर प्रदर्शन प्रदर्शन किया। डीएफओ को ज्ञापन प्रेषित कर उन्होंने कर्मियों को समय पर वेतन नहीं देने और कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग को आउटसोर्स एजेंसी बनाने का विरोध किया है। कर्मियों ने मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदेश अध्यक्ष हरीश कोठारी, संयोजक विनोद गोदियाल व सह संयोजक नरेश थपलियाल ने कहा, प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून वन प्रभाग में उपनल पर तैनात कर्मियों को दो-दो माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। वहीं, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग को नई आउटसोर्स एजेंसी बनाया जा रहा है। संगठन इसका विरोध करता है। कहा, प्रदेश में करीब 25 हजार उपनल कार्मिक सेवाएं दे रहे हैं। उपनल कर्मियों के लिए सरकार ने आज तक कोई ठोस नीति नहीं बनाई है। आउटसोर्स एजेंसियां सिर्फ शोषण का माध्यम बन गई हैं। जिसके कारण कर्मचाचरियों को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस दौरान आशीफ, नितिन कुमार, प्रमोद गुसांई, अमित सिंह, दिनेश चौहान, महेश भट्ट विनय प्रसाद, प्रमोद नेगी, निधि असवाल, रीता, पूजा, अंजना, भावना आदि मौजूद थे।