चकराता। बिना पूर्व सूचना के स्कूल की छुट्टी करने पर अभिभावक भड़क गए। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। इसकी लिखित शिकायत खंड शिक्षाधिकारी से की गई है।
मंगलवार को आदर्श राजकीय इंटर कालेज क्वांसी के छात्र सुबह स्कूल पहुंचे, लेकिन उन्हें गेट पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने छुट्टी की बात कह कर लौटा दिया। जब इसकी जानकारी व्यापार मंडल और अभिभावकों को लगी तो वे स्कूल पहुंचे और विरोध जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष सूर्यपाल चौहान ने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के स्कूल की छुट्टी कर दी गई, जिसके चलते छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि स्कूल में दूरदराज के क्षेत्रों से छात्र पढ़ने के लिए आते हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया। डिप्टी बीईओ चकराता पंकज कुमार ने बताया कि कई स्कूलों ने विवेकाधीन अवकाश रखा था, लेकिन इसकी जानकारी पूर्व में दिए जाने का प्रावधान है। इस संबंध में प्रबंधन से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। विरोध जताने वालों में चतर सिंह, मुन्ना सिंह, पूरण सिंह, सरदार सिंह, चमन सिंह, गुड्डू और रमेश आदि शामिल रहे।