राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने शहरी विकास एवं वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को स्थानीय निकायों के सफाई कर्मचारियों की 15 सूत्री मांग पत्र सौंपकर समाधान की मांग की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारी प्रतिनिधियों से वार्ता की जाएगी और समस्याओं का सकारात्मक समाधान किया जाएगा।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष सफाई कर्मचारी आयोग उत्तराखंड सरकार भगवत प्रसाद मकवाना ने शहरी विकास मंत्री को अवगत कराया कि राज्य गठन के बाद प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की स्थायी नई भर्ती नहीं की गई है। 20 वर्षों से मोहल्ला स्वच्छता समिति सफाई कर्मचारी, नाला गैंग, रात्रि कालीन सफाई कर्मचारी, पार्षदों के अधीन नियुक्त सफाई कर्मचारी पूरी मेहनत के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक स्थायी नहीं किया गया है।
उन्होंने सफाई कार्य में सभी विभागों में ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर स्थाई नई भर्ती करने, सफाई कर्मियों का निकायों में 2014 से बंद बीमा लागू किए जाने, आउटसोर्स की व्यवस्था को समाप्त की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में राजेश राजोरिया, धर्मपाल घाघट, राकेश वाल्मीकि, नीतू वाल्मीकि, विनोद घाघट, प्रमोद नहर, अनिल खजुवाल आदि मौजूद रहे।