दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यासी में शनिवार शाम सात बजे से आवाजाही बंद है। पहाड़ों से लगातार मलबा-पत्थर गिर रहा है। जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी है। लेकिन, लगातार पहाड़ दरकने से मार्ग को खोलने में समस्या आ रही है।
शनिवार को बारिश के बाद दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यासी में मलबा-पत्थर आ गया था। शाम सात बजे आवाजाही ठप हो गई थी। रविवार को मार्ग खोलने के लिए जेसीबी तैनात रही। लेकिन, पहाड़ से मलबा-पत्थर गिरने से सड़क को खोला नहीं जा सका। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अवर अभियंता ओमी उनियाल ने बताया कि व्यासी में बारिश के कारण हमेशा समस्या आती है। स्थिति सामान्य होते ही मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
एसडीएम कालसी प्रेमलाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी भी यात्री के फंसे होने की सूचना नहीं है। क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षकों, निरीक्षकों व तहसीलदारों को राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों की स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है। जल्द यमुनोत्री मार्ग को खोल दिया जाएगा।