बारिश के लिहाज से इस वर्ष अगस्त के महीने ने निराश किया है। देहरादून एयरपोर्ट पर दर्ज मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2020 के बाद इस अगस्त सबसे कम बरसात दर्ज की गई है। एयरपोर्ट मौसम विभाग ने इस अगस्त कुल 374.7 मिमि बारिश रिकार्ड की है। जबकि इससे पहले 2020 अगस्त माह में कुल 297.2 बारिश दर्ज की गई थी।
मौसम वैज्ञानिकों ने प्रशांत महासागर में अल नीनो के प्रभाव, कमजोर मॉनसूनी हवाओं की धीमी रफ्तार, कम दबाव वाले क्षेत्रों के कमजोर होने आदि का हवाला देते हुए पहले ही इस वर्ष कमजोर मॉनसून की भविष्यवाणी की है। हांलाकि कमजोर मॉनसून की भविष्यवाणी के बीच इस वर्ष जुलाई माह की बारिश ने पिछले वर्ष जुलाई का रिकॉर्ड जरूर तोड़ा है। पिछले वर्ष जुलाई माह में दून एयरपोर्ट के मौसम विभाग ने कुल 499.3 मिमी बारिश दर्ज की थी। जबकि इस वर्ष जुलाई में कुल 570.7 मिमी बारिश दर्ज हुई है। यानि पिछले जुलाई से इस बार जुलाई माह में करीब 71 मिमी बारिश अधिक दर्ज हुई है। लेकिन इस बार अगस्त माह में करीब पांच वर्ष बाद काफी कम बारिश दर्ज की गई है। जिससे पर्यावरणविद् चिंतित हैं।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड: प्रदेश के चार हजार सार्वजनिक उपक्रमों की जानकारी होगी सार्वजनिक, 17 बिंदुओं पर देना होगा ब्योरा
मौसम विभाग में दर्ज अगस्त माह में बारिश के आंकड़े
अगस्त 2020: 297.2 मिमी, अगस्त 2021: 566.4 मिमी, अगस्त 2022: 434.1 मिमी, अगस्त 2023: 745.8 मिमी, अगस्त 2024: 693.5 मिमी, अगस्त 2025: 986.9 मिमी, अगस्त 2026: 374.7 मिमी
--यदि अगस्त माह में बारिश कम हुई है तो इससे नलकूपों पर फिलहाल कोई खास असर नहीं पड़ा है। बारिश के कारण किसान खेतों में सिंचाई आदि नहीं कर रहे हैं। जिससे नलकूपों को फिलहाल राहत मिली हुई है। पेयजल नलकूप भी ठीक काम कर रहे हैं। विनोद असवाल, सहायक अभियंता जल संस्थान।