कारगी ग्रांट में दो पक्षों के बीच हुए बवाल के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बृहस्पतिवार सुबह को संस्कृति लोक कॉलोनी में दो लोगों में विवाद हुआ था। विवाद पैसों के लेनदेन से संबंधित था। लेकिन, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों की ओर से जमा दर्जनों लोगों में जमकर मारपीट हुई।
मामले में पुलिस ने दोनों ओर से आई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन, रात में दोनों पक्ष दोबारा आमने सामने आ गए और एक दूसरे पर पथराव कर दिया। साथ ही आसपास में तोड़फोड़ भी कर दी। पुलिस को स्थिति को काबू करने के लिए पीएसी तक बुलानी पड़ी थी। हालांकि, देर रात तक मामला शांत हो गया था।
इंस्पेक्टर पटेलनगर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार हुए लोगों के नाम इमरान, इरफान, अनस, सरफराज सभी निवासी कारगी ग्रांट, शाहबुद्दीन निवासी नानू थाना नौगांव अमरोहा, अनवर निवासी रमनपुर थाना किरतपुर, फैशन निवासी गढ़पुरा थाना किरतपुर जिला बिजनौर, नदीम निवासी भगत सिंह कॉलोनी डालनवाला और इरफान निवासी चांदपुर बिजनौर हैं।