गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए आम जनता गेट नंबर दो से प्रवेश कर सकेगी। जबकि गेट नंबर तीन से स्वतंत्रता सेनानी, राज्य आंदोलनकारी, मीडिया की एंट्री की जाएगी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि परेड की तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। सभी झांकियों का काम पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही लगभग सभी मेहमानों को ई-पास भी जारी कर दिए गए हैं।
26 को बंद रहेंगी मदिरा की दुकानें
गणतंत्र दिवस पर जिले की सभी मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में जिलाधिकारी सी रविशंकर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी मनोज उपाध्याय ने आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही सभी थाने चौकियों की पुलिस और आबकारी के प्रवर्तन दल को इस आदेश के पालन की जिम्मेदारी दी गई है।
परेड में दिखेगा रेलवे स्टेशन का नया लुक
इस बार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड खास होगी। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से दून रेलवे स्टेशन का नया लुक दिखाया जाएगा। वहीं, देहरादून स्मार्ट सिटी की झांकी का भी पहली बार प्रदर्शन किया जाएगा।
एमडीडीए रविवार को होने वाली परेड में रेलवे स्टेशन का नया रूप दिखाएगा। जिसमें दिखाया जाएगा कि बनने के बाद दून रेलवे स्टेशन कैसा लगेगा। एमडीडीए की ओर से तेजी से दून रेलवे स्टेशन का कायाकल्प का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बनने के बाद स्टेशन स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा। वहीं, स्मार्ट सिटी की झांकी भी पहली बार परेड में शामिल होगी। जिसमें अगले एक से दो वर्षों में दून के बदलते रूप और स्वरूप को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें शुरू हो चुके सदैव दून (आईसीसीसी) और वाटर एटीएम की झांकी दिखाई जाएगी। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के मुताबिक झांकी को लेकर तैयारियां पूरी है।
दून रेलवे स्टेशन और देहरादून स्मार्ट सिटी की झांकी पहली बार परेड में शामिल होगी। केंद्र और राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद रेलवे स्टेशन पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो चुका है। वहीं, स्मार्ट सिटी के कार्य भी प्रगति पर हैं।
- डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, सीईओ, देहरादून स्मार्ट सिटी लि.