फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

12 साल बाद फेसबुक पर दोबारा परवान चढ़े प्यार के लिए हैवान बन गए महिला और उसका प्रेमी

Sat, 30 Jun 2018 10:33 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
facebook
विज्ञापन

2017 में अमित और स्नेहलता की अचानक फेसबुक पर दोबारा मुलाकात हुई। चैटिंग करते-करते दोनों का प्यार फिर परवान चढ़ गया। प्रभारी एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1999 में स्नेहलता डीबीएस पीजी कॉलेज में और अमित पार्ले डीएवी कॉलेज में पढ़ता था। दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन पढ़ाई पूरी होने के बाद दोनों अलग हो गए थे। कुछ दिन बाद अमित की पुलिस में नौकरी लग गई जबकि स्नेहलता शिक्षक बन गई।

विज्ञापन


इस बीच साल 2005 में महिला के परिवार वालों ने उसकी शादी टिहरी जनपद निवासी किशोर सिंह चौहान से कर दी। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त स्नेहलता राजकीय इंटर कॉलेज शिवालीधार में गणित की शिक्षिका थी जबकि मृतक किशोर सिंह चौहान राजकीय इंटर कॉलेज सजवाण काडा देवप्रयाग में कला के शिक्षक थे। स्नेहलता दो वर्षों से सीसीएल व मेडिकल अवकाश पर और इसके बाद बिना वेतन अवकाश पर चल रही थी। वह देहरादून में किराए के भवन में बच्चों के साथ रह रही थी।

रायपुर में हुई शिक्षक किशोर चौहान की हत्या उनकी पत्नी स्नेहलता और उसके प्रेमी कांस्टेबल अमित पार्ले ने ही की थी। पुलिस ने शुक्रवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए यह दावा किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की पूरी साजिश एक होटल में रची गई थी। इसके बाद आरोपी सिपाही ने 15 जून की रात शिक्षक की हत्या कर दी। शिक्षक का शव 16 जून को रायपुर क्षेत्र में रिंगरोड के किनारे कार में मिला था।

विज्ञापन
विज्ञापन

सिपाही अमित पार्ले हरिद्वार जिले में तैनात था

पुलिस - फोटो : अमर उजाला
प्रभारी एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि हत्यारोपी कांवली रोड निवासी सिपाही अमित पार्ले हरिद्वार जिले में तैनात था। पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि स्नेहलता के करीब आने के लिए अमित पार्ले ने उसके पति किशोर चौहान से भी नजदीकी बढ़ा ली थी। लेकिन दोनों के बीच चल रहे इस खेल की भनक किशोर चौहान को लग चुकी थी। इस वजह से पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था। इसलिए स्नेहलता और अमित पार्ले ने आठ जून को एक होटल में मिलकर किशोर चौहान को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 15 जून की रात शिक्षक किशोर चौहान, स्नेहलता और सिपाही अमित पार्ले एक ही कार में घर से निकले।

कार स्नेहलता चला रही थी। स्व. अतुल माहेश्वरी चौक के निकट स्नेहलता कार से उतर गई। इसके बाद सिपाही अमित पार्ले, किशोर चौहान को रायपुर स्थित रिंग रोड ले गया और वहां गला दबाकर शिक्षक की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी सिपाही किशोर का पर्स अपने साथ ले गया। पुलिस को शिक्षक का शव 16 जून को मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आई थी।

पुलिस कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की तह तक पहुंचने में कामयाब रही। जिस दुकान से फर्जी आईडी पर सिम खरीदे गए थे, उनकी भी तफ्तीश की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कुबूल की है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया है कि दोनों ने शारीरिक संबंध भी बनाए और किशोर की अत्यधिक शराब पीने की लत से परेशान होकर उसे रास्ते से हटाने का षड़यंत्र रचा था। 

दोनों बच्चे ननिहाल में रहेंगे
हत्यारोपी स्नेहलता और मृत शिक्षक किशोर चौहान के दो बच्चे हैं। गिरफ्तारी के बाद महिला ने अपने दोनों बच्चों को किशोर के परिवार के पास न छोड़ने की मांग की। लिहाजा अब दोनों बच्चे अपने ननिहाल में रहेंगे। उधर, किशोर चौहान के परिवार का आरोप है कि मुकदमा दर्ज कराने पर आरोपी पक्ष की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्हें कहा जा रहा है कि या तो मुकदमा वापस लो नहीं तो एक परिवार के साथ दूसरा परिवार भी बर्बाद कर दिया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में शिकायत पुलिस से भी की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें